48वीं जूनियर बालिका राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में कासिमाबाद के सुकहा निवासी सलोनी सिंह चौहान का चयन किया गया है। उसके चयन से जिला कबड्डी संघ सहित उसके स्कूल एवं परिजनों में खुशी का माहौल है।
सलोनी ने 45वीं बालिका ओपन स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उसका प्रदेश टीम में चयन किया गया है। उत्तर प्रदेश की सभी 15 खिलाड़ी संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम वाराणसी में दो से 30 अगस्त तक प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इसके बाद 12 सदस्यीय टीम 48वीं जूनियर बालिका राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेगी। यह चैंपियनशिप एक से चार सितंबर तक बिहार के पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित की गई है। सलोनी अमर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज रसड़ा बलिया में इंटरमीडिएट में अध्ययन कर रही है। उसके पिता खूब सिंह चौहान टीवी मैकेनिक हैं। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए सलोनी का प्रदेश टीम में चयन होने से जिला कबड्डी संघ के महामंत्री मु. अकरम, सलोनी के कोच छोटेलाल यादव, माता-पिता के साथ स्कूल परिवार में हर्ष व्याप्त है।