जिले के नए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया। सबसे पहले उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए।
इसके बाद बैठक कर अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड और जल निगम शहरी के एक्सईएन अनुपस्थित थे। इसपर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि यह गलत बात है। उन्होंने अधिकारियों से दोनों के वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
दरअसल, डीएम की बैठक में सभी अधिकारी एक-एक कर परिचय दे रहे थे। इसमें लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के एक्सईएन बीएल गौतम और जल निगम शहरी के पीयूष मौर्या नदारद रहे। इसपर डीएम ने कहा बिना बताए कहां चले गए।
जब डीएम की बैठक बुलाने पर भी नहीं आ रहे हैं तो यह गलत बात है। उन्होंने दोनों अधिकारियोें का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की नीतियों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी/लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करना है।
साथ ही आम जनता की समस्याओं को सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान सीडीओ संतोष कुमार वैश्य, एडीएम दिनेश कुमार, सीआरओ आयुष चौधरी मौजूद रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने पत्रकारों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली छोटी-छोटी समस्याएं विभिन्न विभागों से होती हैं। सभी मामले का निस्तारण कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना प्राथमिकता है।
2013 बैच के आईएस अधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएंगे। शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारेंगे। राजस्व से संबंधित वादों का समय सीमा में निस्तारण कराएंगे। लंबित विकास कार्यों के कारण का पता लगाएंगे। विद्युत कटौती की समस्या का समाधान कराएंगे।