गाजीपुर। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार बैठक कर विद्युत विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों, 1912 पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को समय से बदलने सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। बैठक में छह एसडीओ के अनुपस्थित होने पर डीएम सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण के लिए निर्देश दीं। अधिशासी अभियंता तृतीय बृजेश कुमार एवं अधिशासी अभियंता द्वितीय संदीप कुमार निर्भर के अनुपस्थित होने पर पत्राचार करने का निर्देश दिया।
डीएम ने समीक्षा के दौरान ग्रीष्म ऋतु से लेकर अब तक प्रतिदिन सुचारू रूप से आपूर्ति न होने, जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को समय से न बदले जाने, विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव न करने, मोबाइल बंद रखने आदि शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने मेसर्स माॅन्टी कार्लो इंडिया लिमिटेड की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में खंभे एवं ग्राउंटिंग के दोयम दर्जे के कार्याें की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 219 प्राथमिक-उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन के लिए भुगतान मार्च तक किया जा चुका है लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं हुआ। 194 विद्यालयों के ऊपर से एचटी तार हटवाने के संबंध में भी जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द कनेक्शन कराने तथा विद्यालयों के ऊपर से एचटी तार हटवाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, डीएसटीओ खगेंद्र सिंह, विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।