गाजीपुर। आवास प्लस 2024 सर्वे के तहत 30 जून तक सेल्फ सर्वे का सर्वेयर की ओर से पुष्टि व सत्यापन का कार्य शत-प्रतिशत किया जाना था। लेकिन, एक जुलाई को प्रगति की समीक्षा में विकास खंड देवकली, जखनिया, मनिहारी, मरदह, मुहम्मदाबाद, जमानिया, भदौरा व सैदपुर की प्रगति जनपद की औसत प्रगति 63.92 से कम पाया गया। ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राजेश यादव संबंधित ब्लाकों के आठ बीडीओ का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास प्लस 2024 सर्वे को लेकर शासन सख्त है। लेकिन, कुछ ब्लाॅकों के बीडीओ की लापरवाही से सत्यापन कार्य की प्रगति ठीक नहीं है। इसी क्रम में संबंधित ब्लाॅकों में सेल्फ सर्वे का सर्वेयर की ओर से सत्यापन कार्य को लेकर गत 26 जून को ग्राम्य विकास आयुक्त की ओर से रोष व्यक्त किया गया था। एक जुलाई को विकास खंड भदौरा की भी प्रगति जनपद के औसत प्रगति 63.92 से खराब होने की परिस्थिति में उनके वेतन पर जून से अग्रिम आदेश तक के लिए तत्काल प्रभाव से रोक लगाई है। ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने बताया कि जिन ब्लाॅकों की प्रगति रिपोर्ट खराब है, उनके बीडीओ के वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है।