गाजीपुर। जिले में डेढ़ माह बाद संक्रमण के मामलों में कमी आई है। करीब एक सप्ताह में जिले में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या नए संक्रमितों के आंकड़ों से ज्यादा हो गई है। यहीं नहीं पॉजिटिव रेट भी दो प्रतिशत पर आकर रुक गया है। प्रतिदिन होम आइसोलेट एवं भर्ती मरीज कोरोना को मात देकर सुरक्षित अपने घर पहुंच रहे हैं। यही नहीं प्रतिदिन मिलने वाले मरीजों के आंकड़ों में भी गिरावट आ रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, तीन मई को जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 5641 थी। एक दिन में 1686 मरीजों के स्वस्थ होने पर यह आंकड़ा खिसक कर 3955 पहुंच गया। पांच मई को यह घटकर 3622 हो गया, लेकिन छह मई को एक फिर आंकड़ा 3738 पर जा पहुंचा। इसके बाद मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या बढ़ने के साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट होनी शुरु हो गई। सात मई को 3498, आठ मई को 3219, नौ मई को 3013, दस मई को 3022 एवं 11 मई को सक्रिय मरीजों का आंकड़ा घटकर 2783 पहुंच गया है। हालांकि जिले में एक सप्ताह में 2305 मरीज मिले हैं। जबकि कोरोना से होने वाली दैनिक मौतों में कमी आई है। एक से पांच मई तक हुई 36 मौतों की तुलना में छह मई से 11 मई तक 13 संक्रमित मरीजों की मौत दर्ज की गई है। ऐसे में सक्रिय मरीजों के घट रहे आंकड़े एवं संक्रमितों की घट रही संख्या से स्वास्थ्य विभाग ने राहत महसूस की है।