गाजीपुर। नगर पालिका परिषद संक्रमण से लड़ने एवं इसके प्रभाव को कम करने के लिए लगातार मुस्तैद है। सैनिटाइजेशन के छठें चरण में बुधवार को चार वार्डों में सैनिटाइजेशन कराया गया। मंगलवार से शुरू हुआ यह चरण 30 मई तक चलेगा। पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि और ईओ लालचंद सरोज ने बताया कि बुधवार को चार वार्ड रविंद्रनाथ टैगोर नगर, मोहनपुरवा, भगत सिंह नगर एवं मारकीनगंजमें वहां के क्षेत्रीय सभासद एवं प्रतिनिधि शेषनाथ यादव, संजय कुमार, सुशील वर्मा एवं ओमप्रकाश वर्मा की देखरेख में सेनेटाइजेशन किया गया। दो दिन पहले जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, रजदेपुर, हाथीखाना स्वास्थ्यकेंद्रों पर भी सेनेटाइजेशन कराया गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय सभासदों के नेतृत्व में मुहल्ला निगरानी समिति द्वारा वार्डों में आशा कार्यकर्ताओं के साथ डोर-टू-डोर जांच अभियान जारी है। मेडिकल किट भी वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश की योगीसरकार द्वारा ठेला, खोमचा, रेहड़ी, खोखा, अन्य पटरी दुकानदार, श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूर,रिक्शा चालक, कुली, पल्लेदार, नाई, धोबी, मोची, हलवाई एवं अन्य गरीब परिवार को एक हजार की सहायता धनराशि दिए जाने के लिए कर्मचारी उन लोगों को लाभ प्रदान करने के लिए लगे हुए हैं।