मुहम्मदाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद जनपद न्यायाधीश ने सोमवार से अगले आदेश तक के लिए सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद दीवानी न्यायालय को बंद कर दिया है।
पिछले दिनों मुहम्मदाबाद के जफरपुरा मुहल्ले में कोरोना पाजिटिव मरीज मिलने के बाद शासन की गाइड लाइन के अनुसार सिंगल मरीज मिलने पर 250 मीटर के रेंज को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित कर दी जाएगी। उसी क्रम में दीवानी न्यायालय को बंद करने का आदेश पारित किया गया है। साथ ही इस क्षेत्र मेंपड़ने वाले भारतीय स्टेट बैक की मुख्य शाखा, उ.प्र सहकारी ग्राम विकास बैक की शाखा, जीवन बीमा निगम की शाखा भी बंद कर दी गई है। इन सबके बीच में रजिस्ट्री कार्यालय एवं डाकघर खुला रखा गया है। रजिस्ट्री आफिस के खुलने से दीवानी न्यायालय बंद होने के बावजूद उसके परिसर में पूरे दिन अधिवक्ताओं एवं वादकारियों की भीड़ लगी रहती है। इसी तरह डाकघर के अंदर एजेंट एवं ग्राहक भरे पड़े रहते हैं जहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही है। नगर के भट्ठी मुहल्ले से दो मरीज मिलने के बाद 400 मीटर में कंटेनमेंट जोन है उसी क्षेत्र में पड़ने के बाद भी खंड विकास कार्यालय खुला है जबकि सदर रोड से तहसीलदार बंगला तक की दुकानें बंद करा दी गई है। कोरोना पाजिटिव मरीजों के मुहल्ले को हाटस्पाट घोषित करने के बावजूद उन मुहल्लों में आने-जाने पर कोई रोक नहीं लगाने से आवागमन सामान्य रुप से हो रहा है। प्रशासन की सुस्ती से लोग कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका से भयभीत हैं।