मौधा। करमपुर के मेघबरन स्टेडियम में ठाकुर तेज बहादुर सिंह स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। साईं सोनीपत ने साउथ वेस्ट रेलवे हुबली की टीम को 3-1 के अंतर से पराजित कर दिया।
खेल के फर्स्ट हाफ के 25 वें मिनट में सोनीपत के रोशन ने एक फील्ड गोल दागा। इसका जवाब में हुबली के कुमार ने 29 वें मिनट में फील्ड गोल किया। सेकंड हॉफ के 46वें और 50वें मिनट में सोनीपत के क्रमश: राहुल और रोशन ने दो गोल करके अपनी टीम को विजय दिलाई। मुख्य अतिथि और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया।
इस मौके जिलाधिकारी ने कहा कि करमपुर के स्टेडियम के विषय में मैंने बहुत कुछ सुना था, लेकिन यहां आकर पता लगा कि स्टेडियम का स्तर उससे भी कहीं अधिक है। मेघबरन स्टेडियम की स्थापना कर इसके संस्थापक तेजबहादुर सिंह ने खेल जगत में क्रांतिकारी काम किया है। उनकी जितनी सराहना की जाय, कम है।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि जिस तरह से मेघबरन स्टेडियम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं। वह इस स्टेडियम की विलक्षण उपलब्धि है। इतने दूरस्थ गांव में इतने उच्च कोटि की सुविधा प्रदान कर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का यहां का काम अति सराहनीय है। अन्य विशिष्ट अतिथियों में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अजीत कुमार सिन्हा, यूबीआई के जीएम गिरीश जोशी, एजीएम धर्मेंद्र राजौरी, एसडीएम सैदपुर डा. पुष्पेंद्र पटेल, सैदपुर सीओ हितेंद्र कृष्ण, खानपुर थानाध्यक्ष संजय मिश्रा, वाराणसी के उद्योगपति रतन सिंह, खेदन यादव, रमाशंकर सिंह उर्फ हिरन सिंह, आशुतोष सिंह, गंगासागर सिंह आदि शामिल रहे। आभार आयोजक मेघबरन स्टेडियम के प्रबंधक और पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने व्यक्त किया।