नगर में निकाली गई सांई की पालकी एवं शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। सांई बाबा के वार्षिकोत्सव पर मंगलवार को शहर में सांईनाथ की पालकी और शोभा यात्रा निकाली गई। फूलों से सजी पालकी के दर्शन और पुष्प अर्पित करने के लिए हर कोई उमड़ पड़ रहा था। पालकी के आगे-आगे ढोल, ताशा आदि पर बज रहे भजन की धुन पर भक्त बाबा की भक्ति में लीन होकर चल रहे थे। विभिन्न रास्तों से होते हुए शोभायात्रा नवापुरा स्थित श्री दुर्गा शिव सांईं मंदिर पर पहुंच कर समाप्त हुई। वहां विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर पर दिन भर दर्शन करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। शोभायात्रा में बाबा की पालकी लिए भक्त जयकारे लगा रहे थे। ढोल, ताशा आदि की धुन पर सांईंनाथ के भजन बज रहे थे। भजनों पर भक्त मगन होकर चल रहे थे। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुषों के साथ युवा उत्साह के साथ चल रहे थे। पालकी की एक झलक देखने के लिए लोग विभिन्न स्थानों पर खड़े दिखे। मंदिर पर पहुंचने के बाद पालकी को परिसर में ले जाया गया तथा विधिवत हवन-पूजन एवं अर्चन किया गया। शाम को बाबा की विशेष आरती की गई। मंदिर पर सुबह से ही दर्शन का जो सिलसिला शुरु हुआ वह देर रात तक चलता रहा। भक्तों ने बाबा का पूजन-अर्चन करने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसमें महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। मंदिर के पास सुबह से लेकर देर रात तक मेले की जैसी स्थिति बनी रही।