बहादुरगंज (गाजीपुर)। नगर पंचायत चेयरमैन के घर की सफाई कराने, सफाईकर्मियों को भेजने और कार्यालय से सफाई सामग्री का इस्तेमाल करने के आरोप में ईओ ने बुधवार को सफाई नायक अशोक दास को निलंबित कर दिया। वार्ड सात के सभासद नौशाद अयान की शिकायत पर कासिमाबाद एसडीएम और प्रशासक संजय यादव ने पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया था। शिकायत सही मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर ईओ धीरेंद्र कुमार राय ने कार्रवाई की।
सभासद नौशाद अयान ने आरोप लगाया था कि सफाई नायक अशोक दास नगर पंचायत कार्यालय से 10 बोतल एसिड और टॉयलेट क्लीनर के पांच डिब्बे निकाले थे। साथ ही 10 सफाईकर्मियों को चेयरमैन रेयाज अहमद अंसारी के घर की साफसफाई के लिए भेजा था। इसके बाद अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने सफाई नायक अशोक दास से लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। अशोक दास ने स्पष्टीकरण में बताया था कि चेयरमैन रेयाज अहमद अंसारी द्वारा मुझ पर दबाव बनाकर अपने घर की सफाई के लिए सफाईकर्मियों की मांग की जाती है। मना करने पर डराया, धमकाया जाता है। अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि सभासद की तरफ से लगाए गए आरोपों को सही पाए जाने के बाद सफाई नायक अशोक दास को निलंबित किया गया है।