कंपोजिट विद्यालय भांवरकोल में ब्लॉक स्तरीय बालक्रीड़ा प्रतियोगिता के विशेष प्रदर्शन में मानव प
गाजीपुर। जिले के विभिन्न विकासखंडों में परिषदीय विद्यालय के छात्रों की बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को आयोजित हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के मैदान पर बालक वर्ग की कबड्डी का फाइनल मैच उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात और कंपोजिट विद्यालय मजुई के बीच हुआ। इसमें सादात की टीम विजयी रही। कंपोजिट विद्यालय मजुई उप विजेता रहा। खो-खो का फाइनल मैच उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात और उच्च प्राथमिक विद्यालय माहपुर के बीच खेला गया जिसमें सादात की टीम ने बाजी मारी। खो-खो बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मजुई पहले, कबड्डी बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मजुई प्रथम एवं सादात-1 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की कबड्डी का खिताब उच्च प्राथमिक विद्यालय मजुई ने जीता। उच्च प्राथमिक विद्यालय रायपुर उप विजेता रहा। प्राथमिक स्तर पर खो-खो बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय अहियाईं प्रथम एवं प्राथमिक विद्यालय मजुई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय पलिवार ने पहला, उच्च प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि डा. बृजेश कुमार और सहायक खंड विकास अधिकारी गणेश शंकर वर्मा ने विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
खो-खो में बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में सियाडीह ने बाजी मारी-कंपोजिट विद्यालय जसदेवपुर में उच्च प्राथमिक स्तर के बालकों की खो-खो में न्याय पंचायत गोड़उर, बालिका वर्ग में सियाडीह पहले तथा प्राथमिक वर्ग खो-खो में बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में सियाडीह प्रथम रहा। कबड्डी में उच्च प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग में सुखडेहरा, बालिका वर्ग में अवथही तथा प्राथमिक स्तर में बालकों में अमरूपुर और बालिकाओं में गोड़उर न्याय पंचायत अव्वल रहा। मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि भांवरकोल के खंड विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह यादव, इसरार अहमद सिद्दीकी, राजेश सिंह यादव, विंदेश प्रजापति, मिथिलेश राय, रामशंकर यादव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मु. आलिम हुसैन, राहुल अग्रवाल एवं पंकज पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।
बालकों की 600 मीटर दौड़ में एनपीआरसी जखनिया अव्वल-कंपोजिट विद्यालय पदुमपुर के परिसर में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उपजिलाधिकारी अतुल कुमार तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र उर्फ़ रिंकू सिंह ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालकों की 600 मीटर दौड़ में एनपीआरसी जखनिया पहले, बालिका वर्ग की 400 और 200 मीटर में पदुमपुर ने बाजी मारी। उच्च प्राथमिक वर्ग की कबड्डी में यूपीएस पदुमपुर प्रथम, लेदिहा द्वितीय, बालकों की खो-खो में शाहबपुर पहले, लेदिहा दूसरे, प्राथमिक वर्ग की कबड्डी में न्याय पंचायत शाहबपुर प्रथम, बालिका वर्ग में जलालाबाद को पहला स्थान मिला। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, अवधेश यादव, अरविंद सिंह, परमानंद चौहान, हरेंद्र यादव, रामवचन यादव आदि मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम यादव तथा संचालन पंकज यादव ने किया।