शहर के आरटीआई मैदान में 23 नवंबर को आयोजित होने वाली सपा की रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन और पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक केेशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि वाराणसी, जौनपुर, सैदपुर से आने वाले सभी वाहन बड़े और चार पहिया वाहन पीजी कालेज ग्राउंड में बने पार्किंग में खड़े होंगे। नंदगंज, शादियाबाद की ओर से आने वाहन आइटीआइ मैदान में खड़े होंगे। हंसराजपुर, जखनिया, बुजुर्गा की ओर से आने वाले वाहनों को चर्च कांपलेक्स में रोका जाएगा। सुहवल, जमानिया, बलिया की ओर से आने वाले वाहनों को काशी राम आवास के सड़कों पर रोका जाएगा।
मऊ, आजमगढ़, जंगीपुर की ओर से आने वाले चार पहिया एवं सुहवल, बलिया, जमानिया की ओर से आने वाले वाहनों को लंका मैदान में खड़ा किए जाएगे। मिश्र बाजार, कोतवाली और शहर के अन्य हिस्सों से आने वाले वाहनों को स्वामी सहजानंद पीजी कालेज में खड़ा किया जाएगा। करंडा की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिस अधीक्षक आवास के सामने नगर पालिका के मैदान में पार्क किया जाएगा। वीआईपी और सरकारी अधिकारियों के वाहनों के लिए पार्किंग सभा स्थल के पास ही होगी। रैली को लेकर सभास्थल के लिए आठ प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।
इन सभी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की पुख्ता इंताजाम किए गए है। वाराणसी जोन से विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की तैनाती पुलिस प्रशासन की ओर से कर दी गई है। पुलिए अधीक्षक नगर केसी गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए सात कंपनी पीएएसी तैनात की गई है। सभा स्थल पर सभी थानाध्यक्षों और सुरक्षा कर्मियों की बैठक कर पुलिस के आलाधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया।