गाजीपुर। दूर संचार विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 12 लाख रुपये गायब होने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्जकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
दुल्लहपुर थाना के मीरा रेहती निवासी पीड़ित रामचंद्र सिंह यादव ने तहरीर देकर बताया कि फत्तेहपुर सिकंदर फुल्लनपुर स्थित यूबीआई बैंक में खाता है। दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त हैं। खाते से 28 जून से अब तक 31 जुलाई तक 12 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिया गया है। किसी भी लेनदेन का मैसेज मोबाइल पर नहीं आ रहा था। बीते दो अगस्त को जब पासबुक प्रिंट कराया तो पैसा गायब होने की जानकारी मिली। साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है।