नगर कोतवाली के बुजुर्गा स्थित बेसो नदी पुल के पास शुक्रवार की रात लुटेरों ने मोपेड सवार विद्युत विभाग के संविदा कर्मी को मारपीटकर सात हजार नकदी एवं मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम देकर लुटेरे मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
सरौली गांव निवासी विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के रूप में तैनात अशोक कुमार प्रतिदिन की तरह विभागीय कार्य समाप्त कर मोपेड से घर लौट रहे थे। बुजुर्गा स्थित बेसो नदी के पुल के पास घात लगाए पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाते लुटेरों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। साथ ही सात हजार नकदी एवं मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना किसी तरह जंगीपुर थाने को दी, लेकिन घटना स्थल नगर कोतवाली में होने के कारण जंगीपुर पुलिस ने नगर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। इधर अंधऊ विद्युत उपकेंद्र के जेई प्रमोद यादव भी मौके पर पहुंच गये और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।