दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के मलेठी मोड़ के पास से पुलिस टीम ने घेराबंदी करके व्यापारियों के साथ कुछ दिन पूर्व हुए लूट के मुख्य साजिशकर्ता को धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 4240 रुपये नकदी, एक तमंचा, दो कारतूस और एक मिस फायर कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चालान कर दिया।
मालूम हो कि बीते 18 जुलाई की शाम सामान देने के साथ तगादा करके मैजिक से वापस लौट रहे व्यापारी सुधीर और रितिक पर फायर झोंक लुटेरों ने 30 हजार नकदी लूट लिया था। पुलिस आरोपियों को दबोचने में जुटी हुई थी। देर राम थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा और क्राइम ब्रांच प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में टीम ने मलेठी मोड़ के पास घेराबंदी करके लूट की घटना को अंजाम देने वाले के साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट के 4240 रुपये नकदी, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस 12 बोर का बरामद किया गया। पकड़े गए साजिशकर्ता ने अपना नाम राजनाथ उर्फ राजू निवासी बल्लीपुर थाना बिरनो बताया।
थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए साजिशकर्ता राजनाथ उर्फ राजू से कड़ाई से पूछताछ करने पर दो कुख्यात लुटेरे रणजीत सिंह उर्फ गोलू निवासी नसीरपुर हंसराजपुर थाना जंगीपुर और दूसरा अनुज पाठक उर्फ चिंकू निवासी बीरपुर थाना भांवरकोल का नाम प्रकाश में आया है। दोनों फरार चल रहे थे। कुख्यात अपराधियों पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने 25000 का पुरस्कार घोषित किया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।