सड़क दुर्घटना में महिला समेत दो की मौत
गाजीपुर-आजमगढ़ सीमा से सौ मीटर पश्चिम भीली चट्टी पर शनिवार की दोपहर बाइक सवार युवक ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। इस घटना में महिला सहित बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा युवक का साथी मौके से फरार हो गया। खबर पहुंचते ही मृतकों के घर कोहराम मच गया।बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भवरुपुर निवासी रमेश राम का पुत्र अमित राम (25) आजमगढ़ के परमानपुर से अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा थी।
इसी दौरान दोपहर में गाजीपुर-आजमगढ़ सीमा से सौ मीटर पश्चिम भीली चट्टी के पास इंटर कालेज से घर लौट रही पलिवार गांव निवासी चंद्रकला (38) से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। चंद्रकला वहां रसोइये का काम करती हैं। इस घटना में अमित और चंद्रकला गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बाइक पर बैठा अमित का साथी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। परिजन उपचार के लिए अमित को लेकर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया, जबकि चंद्रकला ने आजमगढ़ के परमानपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चंद्रकला का ससुराल मेहनगर थाना आजमगढ़ में है। पिछले 12 वर्षों से अपने पति से अलग होकर अपनी पुत्रियों सोनी (15) और कविता (13) के साथ पलिवार में अपने मायके में रह रहीं थी।
रामप्रताप आदर्श इंटर कालेज बहलोलपुर आजमगढ़ में रसोइया थी। खाना बनाकर घर लौट रही थी। उसके दो पुत्र पिता के साथ रहते हैं। अमित की शादी इसी वर्ष बीते अप्रैल माह में आसपुर बहरियाबाद निवासी स्व. रामकिशुन की पुत्री विजयलक्ष्मी से हुई थी।