ुल्लनपुर मुहल्ले की एक सड़क पर लगा नाली का गंदा पानी।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। पांच वर्ष से फुल्लनपुर-जंगीपुर बाइपास मार्ग के पूरब स्थित फुल्लनपुर मुहल्ले की सड़क पर जलभराव की समस्या चली आ रही है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा है। इससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों को आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस नारकीय स्थिति को जानते हुए भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की नींद नहीं टूट रही है। इससे मुहल्ले वासियों में नाराजगी है। फूलों की खेती के लिए प्रसिद्ध नगर से सटे इस इलाके के लोग गंदगी एवं दुर्गंध में जीने को विवश हैं। स्थिति तो यह है कि नाली का निर्माण तो छोड़िए जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी आरसीसी सड़क पर जमा हो रहा है। करीब साढ़े सात सौ मीटर की इस सड़क पर तीस मीटर तक पानी लगा हुआ। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। वजह फुल्लनपुर-जंगीपुर बाईपास मुख्य मार्ग की ऊंचाई अधिक होने से पानी मुहल्ले के तरफ ही आने लगता है। मुहल्ले वासियों ने कई बार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को शिकायती पत्र देकर गुहार लगाई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।