बाइक के धक्के से बुजुर्ग की मौत
दिलदारनगर। क्षेत्र के खजुरी गांव के पास रविवार की शाम बाइक से धक्का लगने से एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए एक निजी चिकित्सालय में भरती कराया गया है। खजुरी गांव निवासी पूर्व प्रधान यूनुस (69) तथा उनके भाई वाजिद (65) बकरीद की खरीदारी कर अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के सामने पहुंचे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से धक्का मार दिया। इस घटना में वाजिद के सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दिया तथा दोनों घायलों को नगर के निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां चिकित्सक ने वाजिद को मृत घोषित कर दिया जबकि यूनुस को इलाज के लिए भरती कर लिया। इस घटना से गांव में शोक व्याप्त हो गया।