नंदगंज। शहर कोतवाली क्षेत्र के सेमरा चक फैज गांव के पास फोरलेन पर बुधवार की देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक पलट गई। हादसे में बहन के घर कलेवा पहुंचाकर घर जा रहे किशोर की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा बड़ा भाई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दोनों घायलों को उपचार के लिए सैदपुर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी मिलते ही घर पर रोना पीटना मच गया। सैदपुर कोतवाली के रावल गांव निवासी विशाल यादव (17) अपने बड़े भाई श्रवण यादव और भतीजे आदर्श यादव के साथ बाइक से बहन के घर कलेवा लेकर जंगीपुर थाना के भवंरी गांव गए थे। वहां से खाना खाकर तीनों बाइक से वापस घर आ रहे थे। सेमरा चक फैज गांव के पास फोरलेन पर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बड़ा भाई श्रवण यादव (21) और आदर्श यादव (6) गंभीर रूप घायल हो गए। अन्य वाहनों से आ रहे साथियों ने श्रवण और आदर्श को सैदपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम का माहौल हो गया। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई थी जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े थे। हादसे में किशोर की मौत हो गई।