बारा। गहमर थाना क्षेत्र के रोइनी मौजा के कारोबीर के पास शुक्रवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे बेकाबू पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक तथा उसका पुत्र घायल हो गए। इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। बारा ग्रामसभा निवासी इकराम अंसारी (55) अपने पुत्र अजहर अंसारी के साथ बाइक से गहमर से वापस गांव लौट रहे थे। कारोबीर प्राथमिक स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। लोगों ने घायलों को भदौरा सामुदायिक अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने इकराम अंसारी को मृत घोषित कर दिया। घायल को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।