नगर पालिका परिषद जमानिया के कानूनगो मुहल्ले में पसरी गंदगी।
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया। नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए नगर पालिका जमानिया की ओर से जोर-शोर से स्वच्छता अभियान चलाने का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन स्वच्छता कहीं दिखाई नहीं दे रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में कई गलियां ऐसी हैं, जहां गंदगी फैली है। मार्च माह में स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 चल रहा है। बावजूद इसके नगर पालिका के 25 वार्डो में गंदगी का आलम नगर पालिका के जिम्मेदारों की सक्रियता दिखा रहा है। पालिका की तरफ से प्रतिदिन 25 वार्डों से चार सफाई नायकों के नेतृत्व में 91 सफाई कर्मचारियों द्वारा 12 मीट्रिक टन कचरा एकत्र कर उसे डंप करने का दावा किया जा रहा है। नगर के कानूनगो मुहल्ला में बीते कई दिनों से गंदे पानी की निकासी न होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। सुरेंद्र श्रीवास्तव पुन्नालाल श्रीवास्तव प्रिंस श्रीवास्तव पवन खरवार दिलीप रावत दिलीप वर्मा सुमिरन शर्मा ने बताया कि शिशु मंदिर के पास नगर पालिका द्वारा निकासी के लिए निकाला गया कचरा सड़क किनारे डंप कर दिया गया है। दुर्गंध से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हर वार्ड की गलियों में गंदगी का ढेर है। नगर पालिका कार्यालय में रखी फागिंग मशीन वहां की शोभा बढ़ा रही है। इतना ही नगर पालिका द्वारा वार्डो में सूखा तथा गीला कचरा संग्रहित करने के लिए 450 डस्टबिन रखे जाने का दावा किया जा रहा है। इसके विपरीत कई वार्डो में रखे गये घटिया क्वालिटी के डस्टबिन कहीं टूट चुके हैं तो कई जगहों से गायब हैं। ईओ नगर पालिका अब्दुल सबूर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से वार्डो में दो बार सफाई की जा रही है। कहीं अगर गंदगी की समस्या है तो उसे दुरस्त करा दिया जाएगा