दुल्लहपुर। क्षेत्र में कोविड-19 एवं संचारी रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं जायजा लेने रविवार को लोक निर्माण विभाग के सचिव और नोडल अधिकारी समीर वर्मा जलालाबाद गांव पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की पोल उस समय खुल गई जब पीएचसी धर्मागतपुर में होने वाली बैठक जलालाबाद गांव स्थित माडल प्राथमिक विद्यालय में कराई गई।नोडल एवं पीडब्लूडी के सचिव ने एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से कोरोना के साथ-साथ संचारी रोगों से निपटने की जानकारी ली। इस दौरान थर्मल स्कैनिंग मशीन से जांच की जानकारी आशा एवं आंगबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा नहीं बताई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि बीमारी की रोकथाम के लिए सभी विभागों को मिलकर अभियान चलाना होगा। एएनएम से मिजिल्स के टीकाकरण के बारे में पूछा गया तो इसकी भी जानकारी उनके द्वारा नहीं दी गई। सबसे बड़ी बात तो यह थी सचिव की बैठक में 19 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में से केवल एक ही आंगनबाड़ी पहुंची थी। दवा छिड़काव को लेकर भी अधिकारियों की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं करने पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को सचिव ने निर्देशित किया कि अभियान की दैनिक समीक्षा होनी चाहिए। साथ ही निर्देश दिया कि गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को बीमारी जल्द ही चपेट में ले लेती है। ऐसे में घर-घर जाकर सर्वे कराने के साथ सूची तैयार की जाए। इस दौरान सीएमओ डा. जीसी मौर्या, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, एसडीएम सूरज कुमार यादव, बीडीओ संदीप श्रीवास्तव, तहसीलदार रामसुधार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता आदि उपस्थित थे।