खानपुर। उपनिदेशक पंचायत मंडल वाराणसी अनिल कुमार सिंह ने क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पोखरीपुर गोपालपुर शादी भादी का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष स्वच्छता अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय और गांव में विकास कार्यों की स्थलीय जांच की। निरीक्षण में शासन की ओर से निर्धारित प्राथमिक विद्यालय के परिसर के कायाकल्प के कार्य का निरीक्षण और सामुदायिक शौचालय के निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधान गोपालपुर को निर्देश दिया कि गांव में संचारी रोगों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव जारी रखें। नालियों की साफ-सफाई नियमित करवाएं। गांव में सफाई कर्मी की उपस्थिति सुनिश्चित करें। चल रहे विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि शेष बचे हुए कार्यों को भी पूरा करें ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गांवों को विकास की गति प्रदान की जा सके। निरीक्षण में एडीओ पंचायत सैदपुर राकेश दीक्षित, खंड प्रेरक नीरज सिंह, अभिषेक त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।