रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिजिटल एक्सरे मशीन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक
- फोटो : photo
रेवतीपुर। सीएचसी में डाॅ. बीजी विनोद, राहुल चहल और वेंकटेश शर्मा की तीन सदस्यीय टीम ने हाई रिवोल्यूशन क्षमता वाली डिजिटल एक्सरे मशीन को आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस तकनीक से जोड़ दिया है। अब रेवतीपुर सीएचसी आधुनिक तकनीक से जुड़े उपकरणों वाले स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल हो गया है। चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी डाॅ.अमर कुमार ने बताया कि इस तकनीकी के बाद अब एक्सरे की रिपोर्ट में बीमारियों की पहचान तेजी एवं सटीक हो सकेगी। इसके अलावा कई अन्य स्वास्थ्य केंद्रों की डिजिटल एक्सरे मशीन को एआई तकनीकी से जोड़ने की तैयारी है। इस तकनीक से जुड़ने के बाद मशीन से प्राप्त छवि का विश्लेषण और भी आसान हो जाएगा। एक्सरे करते ही फेफड़े का पूरा हाल सामने होगा। एआई से फेफड़ों में होने वाली 16 पैटर्न से जुड़ी बीमारियों का पता फौरन लग जाएगा। टीम के चिकित्सकों के मुताबिक इसकी रिपोर्ट आनलाइन भी अपलोड की जा सकेगी। बताया कि एआई टूल को इस तरह विकसित किया गया है कि वह किसी भी बीमारी में फेफड़ों में हो रहे बदलाव के पैटर्न को पहचान सके। इस टूल की मदद से 16 प्रकार के पैटर्न को पहचानने में सफलता मिल गई है। यह पैटर्न अलग-अलग बीमारियों के होते हैं। इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार, डॉ. अमित चौबे, डॉ. इंद्रपाल, डॉ. सादिया सिद्दीकी, डॉ. स्मिता, एक्स-रे टेक्नीशियन इरफान, युगलकिशोर पाठक, अभिषेक, आशुतोष, अजय आदि चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी आदि मौजूद रहे।