गाजीपुर। कोरोना मरीज के संपर्क आए एक नपा कर्मी की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। मेडिकल टीम ने उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में उसे भर्ती कराया। साथ ही 28 भर्ती मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें एंबुलेंस से घर भेजा गया। वहीं 147 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 394, स्वस्थ 351, एक्टिव 37 एवं छह की मौत हो चुकी है।
सैदपुर नगर पंचायत में तैनात एक कर्मचारी के स्वैब की सैंपलिंग मेडिकल टीम की ओर से की गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे उपचार के लिए सहेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर लाया गया। संपर्क में आए संदिग्धों को चिन्हित करने के लिए सर्वे टीम लगा दी गई है, जिससे संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही नपं कार्यालय को सैनिटाइज भी कराया गया। इसके अलावा कर्मचारियों को एहतियात एवं सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। दो दिन के अंदर मिले नए कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए संदिग्धों की सर्वे टीम ने सूची तैयार कर स्थानीय प्रशासन को सौंप दी है। अधिकारियों ने चिन्हित किए गए संदिग्धों को जांच के लिए मेडिकल टीम के पास भेजना शुरू कर दिया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों की जांच कराई जा सके।
सैदपुर नगर पंचायत के एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया। संपर्क में आए संदिग्धों को सर्वे टीम द्वारा चिन्हित किया जा रहा है। - डा. जीसी मौर्या, सीएमओ