गाजीपुर। जिले में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की रिपोर्ट सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन को सौंप दी। इसमें बेड, वेंटिलेंटर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ एवं डॉक्टरों सहित अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई है। साथ ही वैक्सीनेशन, जांच एवं मेडिकल किट के वितरण के अलावा ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने संबंधित पूरी सूचना सौंपी गई है। डीएम द्वारा रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई थी। स्थिति यह हो गई थी कि ऑक्सीजन से लेकर दवाओं तक के लिए मरीजों एवं उनके परिजनों को जद्दोजहद करनी पड़ती थी। इसी बीच हाईकोर्ट ने जिले में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की रिपोर्ट शासन से मांगी थी। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद स्वास्थ्य मकहमा जिले की चिकित्सकीय सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट में तैयारी से लेकर सुविधा और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करने तक की जानकारी जिला प्रशासन को सौंपी। इसका डीएम द्वारा अवलोकन करने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। इस संबंध में सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी गई है।