जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। बैरकों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। साथ ही बंदियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ करने के बाद मेस एवं अस्पताल का भी दोनों अधिकारियों ने निरीक्षण किया। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
दोपहर करीब 12.15 बजे डीएम एमपी सिंह एवं एसपी रोहन पी बोत्रे के नेतृत्व में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, नगर कोतवाल विमलेश मौर्या सहित पुलिस टीम जिला कारागार पहुंची। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक-एक बैरक का निरीक्षण किया। खासकर मोबाइल के संबंध में जानकारी ली गई।
जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद टीम ने कारागार स्थित अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद दवाइयों एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। साथ ही जिलाधिकारी ने वहां तैनात चिकित्सकों से जानकारी ली। इसके बाद मेस का निरीक्षण किया और बंदियों को दी जाने वाले नाश्ते, भोजन आदि के बारे में पूछताछ की गई।
डीएम और एसपी ने बंदियों से उनके स्वास्थ्य की भी जानकारी। साथ ही कारागार प्रशासन को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षक एवं जांच के बाद अधिकारियों को काफिला रवाना हुआ।