नगर के अग्रवाल टोली स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से देवशयनी एकादशी के दिन परंपरागत रथयात्रा इस वर्ष नहीं निकलेगी। पुलिस प्रशासन ने रथयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी है। राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित भागवत प्रसाद तिवारी ने उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद को प्रार्थना पत्र देकर पिछले पांच दशक से प्रति वर्ष आषाढ़ शुक्ल एकादशी (देवशयनी) पर 30 जुलाई को शाम छह बजे से रात 10 बजे तक भगवान की रथयात्रा निकालने की अनुमति की मांगी थी। यह यात्रा कीर्तन मंडली के साथ भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर से निकल कर अग्रसेन तिराहा, पेट्रोल पंप, महादेवा गेट, शाहनिंदा, आर्यसमाज स्कूल, छत्रधारी मोड़ होते हुए अग्रवाल टोली स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आकर समाप्त हो जाती है। इस रथयात्रा में कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए मात्र 40 लोगों के शामिल होने की अनुमति मांगी गई थी लेकिन कोतवाली प्रभारी अशेषनाथ सिंह ने कोविड-19 का हवाला देते हुए रथयात्रा निकालने की संस्तुति नहीं की। मंदिर के पुजारी पंडित भागवत तिवारी ने बताया कि प्रशासन की अनुमति न मिलने के कारण रथ यात्रा स्थगित रहेगी और अब मंगलवार को मंदिर परिसर में ही भगवान का पूजन-अर्चन एवं शृंगार कार्यक्रम संपन्न होगा।