रेवतीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के सोनवल क्राॅसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि दिन में सुबह, दोपहर एवं शाम को ट्रेन के आने के समय चालकों के द्वारा सवारी वाहनों को ट्रैक से लेकर सुहवल-ढढ़नी मुख्य मार्ग पर बीचों-बीच बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देने से मार्ग पूरी तरह से अवरूद्ध हो जाता है।
जाम इस कदर लगता है कि दो पहिया वाहनों का निकलना तो दूर पैदल राहगीरों के लिए भी मुसीबत का सबब बन जाता है। इसकी जानकारी रेलवे पुलिस बल एवं स्थानीय थाने को है, बावजूद जिस तरह से उदासीनता बरती जा रही है, भविष्य में कभी ट्रेन दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। राहगीरों ने बताया कि जाम में आए दिन मरीज, छात्र, सरकारी, गैर सरकारी कर्मियों के अलावा, व्यापारी, कोर्ट कचहरी जाने वाले भी फंसने से गंतव्य तक समय से नहीं पहुंच पाते हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए दोनों महकमे से कई बार शिकायत की गई बावजूद समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे एवं स्थानीय पुलिस एक दूसरे के अधिकार क्षेत्र का हवाला देते हैं, जिससे जाम से लोग जूझने को विवश हो रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि स्टैंड किसी दूसरे सुरक्षित जगह पर बनवाया जाए, जिससे जाम से निजात मिल सके। साथ ही ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चला सख्त कार्रवाई की जाए।इस संबंध में आरपीएफ निरीक्षक बालगंगाधर ने बताया कि यह स्थानीय पुलिस का मामला है। बावजूद ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चला उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।