दो नई बसें गाजीपुर को भी मिलीं, पहुंचीं जिले में
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थापना दिवस पर सीएम ने शनिवार को अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में 100 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसमें 93 राजधानी एवं सात साधारण बसें शामिल थीं। इसमें दो बसों की सौगात स्थानीय डिपो को भी मिली है। ये नई बसें शनिवार की रात यहां आ गईं।
इनका संचालन गाजीपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एवं यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए दिल्ली के लिए किया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके पांडेय ने बताया कि दो राजधानी बसें शनिवार की देर रात डिपो को मिल गई। निर्देश मिलते ही इनका संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों को लाने के लिए डिपो से दो चालक और परिचालक को लखनऊ भेजा गया था। नई बसों के मिलने से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी। राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थानीय डिपो के बेड़े में वर्तमान में 63 बसें हैं। इन बसों के मिल जाने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 65 हो गई है।
0000
सीएम के जन्मदिन पर होगा कार्यक्रम
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर पांच जून को जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनके प्रतिनिधि और भाजपा नेता पंकज सिंह चंचल ने बताया कि उनके आवास पर हवन-पूजन, टीबी मरीजों को न्यूट्रिशन किट का वितरण, सरकारी अस्पताल में मरीजों को फल वितरण, वृद्धाश्रम में साड़ी एवं कपड़ा वितरण, हथियाराम मठ में पूजन-अर्चन एंव शिलान्यास का कार्यक्रम होगा। संवाद