सुहवल। ताड़ीघाट-मऊ रेल परियोजना के तहत गाजीपुर सिटी से ताड़ीघाट स्टेशन को जोड़ने की कवायद तेज कर दी गई है। शुक्रवार को सिटी स्टेशन की तरफ से झिंगुरपट्टी देहात से एपी- 40ई से एपी-26 तक एक पिलर को दूसरे पिलर से जोड़ने की दिशा में क्रेन के सहारे स्टील के गार्डरों की लांचिंग का काम शुरु कर दिया गया। लांचिंग का काम आगामी दिसंबर तक पूरा कर लेने की आरवीएनएल तथा कार्यदायी संस्था ने उम्मीद जताई है। आरवीएनएल के मुताबिक, लांचिग का यह काम करीब 3441 मीटर तक झिंगुरपट्टी देहात, शहर होते हुए ताड़ीघाट तक करीब 62 पिलरों पर किया जाना है। आरवीएनएल के परियोजना निदेशक तथा चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर संयुक्त रूप से इसकी मानिरटिंग कर रहे हैं। इसे निर्धारित अवधि में पूरा करने के लिए आरवीएनएल एवं कार्यदायी संस्था दिन रात लगी हुई है। परियोजना के विभिन्न जगहों पर चल रहे निर्माण कार्यों की डिजिटल फोटो तथा वीडियो फुटेज के जरिए भी समय-समय पर समीक्षा की जाती है जहां से इसकी पूरी रिपोर्ट पीएमओ कार्यालय को प्रेषित की जाती है। आरवीएनएल के परियोजना निदेशक सत्यम कुमार ने बताया कि सिटी स्टेशन की ओर से गार्डर लांचिंग का काम तेजी से शुरु कर दिया गया है। ताड़ीघाट-मऊ रेल खंड के तहत विभिन्न जगहों पर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।