दिलदारनगर। रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की सुबह 11:15 बजे रेल पटरी चटकने के चलते राजगीर-दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेन करीब आधा घंटे तक खड़ी रही। रेलकर्मचारियों के पटरी दुरुस्त करने पर इसे आगे रवाना किया गया। इसके 15 मिनट पहले दिलदारनगर स्टेशन से मुजफ्फरपुर-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन गुजरी थी। हालांकि इससे परिचालन बाधित नहीं हुआ। सुबह अप लाइन में 09084 मुजफ्फरपुर-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन गुजरने के बाद 15 एमएम रेल पटरी चटक गई। इससे पैनल मशीन में अप लाइन रेल पटरी का सिग्नल लाल हो गया। पटरी टूटने की जानकारी होते ही रेल पथ विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। तकनीकी कर्मियों ने मशक्कत के बाद पटरी पर क्लैंप बंधवाकर उसे दुरुस्त किया। इस दौरान पीछे आ रही 03391 राजगीर-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल सिग्नल न मिलने की वजह से होम सिग्नल पर खड़ी हो गई। इसके बाद काशन में 11: 52 बजे क्लोन स्पेशल डीडीयू जंक्शन को रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक नफीस ने बताया कि पटरी ठंड से चटकी थी। मरम्मत के बाद ट्रेन आधे घंटे बाद रवाना कर दी गई।