दुल्लहपुर। क्षेत्र के देवा गांव स्थित गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग स्थित एकेडमी के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सोमवार को मौन जुलूस निकाला। सरकार से पूछा कि क्या चुनाव और रैलियों से कोरोना वायरस नहीं फैल रहा। फिर छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ क्यों। सरकार की कोविड-19 की गाइडलाइन के खिलाफ छात्र-छात्राओं की ओर से निकाला गया जुलूस देवा, दुल्लहपुर, स्टेशन रोड होते हुए एकेडमी पर समाप्त हुआ। कोचिंग संचालक राकेश ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं का ख्याल रखकर कोचिंग शुरू करने निर्देश जारी किया जाए। सरकार सिर्फ 45 से ऊपर वालों को टीका लगवा रही है। ऐसे में 18 वर्ष की उम्र के छात्र-छात्राओं को भी टीका लगाने में शामिल किया जाए। चेताया कि अगर एक मई तक कोचिंग संस्थानों को नहीं खोला गया तो राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा जाएगा। इस मौके पर उमेश, चंद्रशेखर यादव, रंगीला यादव, संतोष प्रजापति, समीरा बानो, सरिता राय, रामप्रवेश सिंह, प्रिया तिवारी, रेशमी तिवारी, स्नेहा राय, शुभम पांडेय, उमेश यादव सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।