गाजीपुर। प्रदेश में हलाल प्रमाणन वाले उत्पादन पर पाबंदी लगाने के बाद बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने दो स्थानों पर छापा मारा। लगातार दूसरे दिन कार्रवाई के दौरान एफएसडीए की टीम ने एक प्रतिष्ठान से नमूना लिया है।
श्री अन्नपूर्णा मार्ट सुहवल पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। हालांकि हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थ नहीं पाया गया। इसी तरह सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आरसी पांडेय की अगुवाई में औषधि निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विरेंद्र यादव ने रवि एजेंसी मिश्र बाजार के प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
सहायक आयुक्त के मुताबिक हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थ व औषधि एवं कास्मेटिक नहीं पाया गया। लेकिन, मेसर्स रवि एजेंसी मिश्रबाजार से खाद्य सुरक्षा अधिकारी विरेंद्र यादव ने प्रोटीन पाउडर जीआरडी बिक्स द सुपीरियस प्रोटिन (फूड सप्लीमेंट) का नमूना ट्रांसफैट न होने का उल्लेख होने पर संग्रहित किया है। जांच रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।