कासिमाबाद। विकासखंड में नामांकन को लेकर प्रशासन काफी सतर्क दिखाई दिया। शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू नामांकन में प्रत्याशी धूप से बचने के लिए समय से पहले ही ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा करने के लिए लाइन में खड़े हो गए थे। नामांकन पत्र जमा करने के लिए ग्राम प्रधान और सदस्य के लिए कुल 16 काउंटर बनाए गए हैं। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए कुल आठ काउंटर अलग से बनाए गए हैं, जिससे लोगों को कोविड-19 के तहत नामांकन करने में असुविधा न हो तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी होता रहे। पूरे नामांकन प्रक्रिया के दौरान एसडीएम कासिमाबाद भारत भार्गव और क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद के साथ प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव चक्रमण करते रहे। प्रत्याशियों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सेनेटाइजेशन और मास्क आदि का दिशा-निर्देश देते रहे। ब्लाक मुख्यालय को जाने वाले मार्ग पर लोगों की भीड़ न हो इसके लिए कासिमाबाद रसड़ा मार्ग पर दो जगह बैरियर लगाया था। ब्लॉक के अंदर केवल प्रत्याशी और उसके एक प्रस्तावक को ही अंदर जाने दिया जा रहा था। भीड़ से बचने के लिए प्रशासन ने यहां की सभी दुकानों को पहले से ही बंद कराने का निर्देश दे दिया था, जिसके कारण पूरा कस्बा शांत रहा।