गाजीपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा जनपद के 12 केंद्रों पर कराई जा रही है। शुक्रवार को परीक्षा को लेकर काफी कड़ाई की जा रही थी। परीक्षार्थियों के दोनों हाथ तक उठवाकर चेक किया जा रहा था। सामान्य ज्ञान और हिंदी के कई सवालों में भी परीक्षार्थी उलझ गए। वहीं खून के संबंधों पर आधारित प्रश्न जैसे मेरे पिता की बहन के बेटे के पिता के ससुर का मुझसे क्या संबंध ने हल करने में काफी समय लिया। जयपुर से आए कई परीक्षार्थियों ने कहा कि यहां तक आने में थकान हो गई थी इस कारण पेपर बिगड़ गया।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से लेकर 5 बजे तक हुई। इस दौरान दोनों पालियों में 10032 परीक्षार्थियों में 3716 अनुपस्थित रहे। इसमें पहली पाली में 1868 और दूसरी पाली में 1848 परीक्षार्थी शामिल रहे। उपस्थित परीक्षार्थियों में कोई बलिया, आजमगढ़ और फतेहपुर से आया हुए थे। डीएम आर्यका अखौरी और एसपी डॉ. ईरज राजा ने गोराबाजार स्थित पीजी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भर्ती बोर्ड की ओर से जारी गाइड-लाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए 24 घंटे से अधिक समय का सफर तय करके गाजीपुर पहुंचा हूं। पहले मैं जयपुर से दिल्ली पहुंचा। इसके बाद दिल्ली से गाजीपुर के लिए ट्रेन पकड़ी। लंबी यात्रा से थकान हो गया था। इस कारण मेरा पेपर ठीक नहीं हुआ है। आसान सवालों को हल करने में भी समय लग गया।- हर्ष तिवारी, जयपुर, राजस्थान
पेपर तो संतोषजनक हुआ है लेकिन सामान्य ज्ञान के कुछ सवालोंं ने परेशान किया। उनके उत्तर इतने समान लग रहे थे, कि भ्रम की स्थिति बन गई थी। प्रश्नों के सभी जवाब सही लग रहे थे। इसके चलते लग रहा है कि उनके कुछ उत्तर गलत हो सकते हैं। घर पहुंचकर इनका मिलान करूंगा।- सतिराम यादव, आजमगढ़
मेरी परीक्षा तो अच्छी हुई है। हिंदी के सवालों से कुछ कठिनाई हुई। जैसे एक सवाल था कि वर्णमाला कौन से लिंग में आता है। ऐसे ही हिंदी के सवालों ने मुझे परेशान किया। शेष प्रश्नपत्र के सवाल मेरे लिए आसान थे। सफलता मिलने की उम्मीद है।- अमित सिंह यादव, फतेहपुर
गणित, रीजनिंग एवं सामान्य ज्ञान के सवालों में मुझे दिक्कत हुई। इसके चलते मेरा अधिकांश समय इन प्रश्नों को हल करने में चला गया। इसके बाद भी कुल मिलाकर पेपर ठीक गया है। इसके लिए तैयारी की थी।- विकास, बैरिया, बलिया