कासिमाबाद। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जनता के लिए जनवरी में हर हाल में खोल दिया जाएगा। संबंधित ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव गृह, सूचना एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को बूढ़नपुर स्थित ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के गेस्ट हाउस में पैकेज सात एवं आठ की समीक्षा करते हुए कही।
अपर मुख्य सचिव ने मऊ के जिलाधिकारी, गाजीपुर के जिलाधिकारी के साथ यूपीडा के अधिकारी और कार्यदाई संस्था पूर्वांचल एक्सप्रेस रोड इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर काफी सजग और सतर्क हैं। इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि डेढ़ माह के अंदर 15 किलोमीटर तख्त एक्सप्रेस-वे पैकेज आठ में हर हाल में तैयार होना चाहिए। श्री अवस्थी ने जिलाधिकारी गाजीपुर, मऊ से होम संबंधी विवादों की जानकारी लेते हुए कहा कि जो भी दिक्कतें आ रही हैं उसे शीघ्र दूर कर कार्य को हर हाल में पूरा कराएं। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि दिसंबर माह में मुख्यमंत्री पूरे एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। अगर कोई लापरवाही मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में इसे हर हाल में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। श्री अवस्थी ने अधिकारियों को बताया कि एक्सप्रेस-वे की क्वालिटी की जांच की जिम्मेदारी राइट कंपनी को दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि औद्योगिक कॉरिडोर के लिए उद्योग विभाग द्वारा कार्य योजना तैयार किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गाजीपुर ओमप्रकाश आर्य, जिलाधिकारी मऊ ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार झा, उप जिलाधिकारी कासिमाबाद रमेश मौर्य, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद महमूद अली, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, यूपीडा के वरिष्ठ अधिकारीयों के साथ ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं इंजीनियर मौजूद रहे।
ड्रिल मशीन से सड़क को खोदवा कर उसकी गुणवत्ता को परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह, सूचना एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी अपने निर्धारित समय दिन में 2:15 की जगह 3:30 पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बने हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी गाजीपुर ओमप्रकाश आर्य, जिलाधिकारी मऊ ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के साथ यूपीडा एवं निर्माण करने वाली कार्यदाई संस्था के अधिकारियों के साथ धरवार कला गांव के पास निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए ड्रिल मशीन से सड़क को खोदवा कर उसकी गुणवत्ता को परखा। जांच के दौरान निर्माण करने वाली कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों से जानकारी लिया कि एक्सप्रेस-वे का कितने-कितने किलोमीटर का पैकेज तैयार हुआ है। इस पर अधिकारियों ने बताया कि तीन किलोमीटर एवं चार किलोमीटर का अधिकतम तैयार है। उन्होंने एक माह के अंदर 15 किलोमीटर लंबाई का पैकेज पूरी तरह से तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समझाया की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना है। मुख्यमंत्री जी खुद इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं। निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक अधिकारियों के साथ करने के बाद अपराहन 4:10 पर पुन: लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
0000
इनसेट
एक्सप्रेस-वे से 3.30 घंटे में पहुंचे लखनऊ
कासिमाबाद। अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि गाजीपुर के लोगों को लखनऊ जाने में अभी साढे छह घंटे का समय लगता है। एक्सप्रेस-वे तैयार होने के बाद जनवरी से यहां के लोग 3:30 घंटा में लखनऊ पहुंच जाएंगे। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी गाड़ियों की वजह से क्षेत्र की टूटी सड़कों पर सवाल पूछे जाने पर कहा कि बरसात के बाद ऐसी सभी सड़कों का निर्माण करा दिया जाएगा। साथ ही यह भी अवगत कराया कि कहीं-कहीं किसानों के खेत का पानी एक्सप्रेस-वे निर्माण के कारण नहीं निकल पा रहा है, उसे भी ठीक करा दिया जाएगा।