ढढ़नी-सुहवल मार्ग पर मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे मार्ग के बीचोबीच ट्रक का पहिया निकल गया। इसी बीच ओवरटेक कर आगे निकलने के प्रयास में टमाटर से लदी पिकप भी सड़क किनारे धंस गई। इसके कारण आवागमन बाधित होने से मार्ग पर जाम लग गया। देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी प्रयास के बाद किसी तरह दिन के बारह के करीब ट्रक का मरम्मत कराए जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका।
मंगलवार को तड़के गिट्टी से लदा ओवरलोड ट्रक जमानिया-ढढ़नी होते हुए सुहवल से गाजीपुर की तरफ जा रहा था कि अचानक सोनवल गांव के पास उसका अगला पहिया तेज आवाज के साथ निकल गया और ट्रक मार्ग के बीचोबीच फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी उसकी मरम्मत नहीं हो सकी। इस दौरान बगल से ओवरटेक कर निकल रही एक पिकप भी फंस गई। वाहनों के सड़क के बीच फंस जाने से मार्ग पूरी तरह से जाम हो गया। इस मार्ग पर भोर से दोपहर तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा। जाम की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ट्रक की मरम्मत होने के बाद करीब बारह बजे धीरे-धीरे संचालन शुरू हो सका। आवागमन चालू होने के बाद लोगों ने किसी तरह राहत की सांस ली। वन-वे होने के चलते एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-24 तथा 97 के काफी जर्जर होने के चलते इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। इससे इस मार्ग पर हर रोज सैकड़ों छोटे-बड़े ओवरलोड वाहनों का धड़ल्ले से आवागमन हो रहा है। ओवरलोड वाहनों के संचालन पर उपसंभागीय परिवहन अधिकारी भवानी दीन ने कहा कि ओवरलोड वाहनों का किसी भी सूरत में संचालन नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है।