तहसील के समीपवर्ती राजस्व गांवों को नई तहसील कासिमाबाद में समायोजन करने के खिलाफ रविवार को कटरियां, रजेला, गड़ेसर और नसीरपुर में पदयात्रा की गई। परानपुर पोखरा पर आयोजित सभा में तहसील बचाओ गांव बचाओ के सह संयोजक रामअवतार ने कहा कि मुहम्मदबाद तहसील के समीपवर्ती गांवों को साजिश के तहत तथा शासन को गुमराह करके नई तहसील में भेजने की रणनीति सफल नहीं होने दी जाएगी। शासन को रिपोर्ट भेजने में भारी गड़बड़ी की गई है। इसके विरोध में 13 अगस्त को उपजिलाधिकारी कार्यालय पर ग्रामीणों की ओर से धरना आयोजित किया जायेगा। पूर्व उप ब्लाक प्रमुख शिवबली राजभर ने कहा कि ग्रामीणों से वादाखिलाफी कर मुहम्मदाबाद के नौजवानों, किसानों एवं महिलाओं को चुनौती देने का कार्य किया है। इस मौके पर अमरनाथ यादव, संतोष राजभर, संजय यादव, मुखराम, नंदलाल राजभर, जोगेंद्र सिंह, विक्रमा राजभर, रामलाल प्रधान, रामगहन, रामाधार, उषा देवी, सुगंती आदि रहीं।