धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय कुमार मिश्र ने निर्माणाधीन चिकित्सालय का लोकार्पण जून तक हर हाल में कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।
वे शुक्रवार को विकास भवन में सदर विधानसभा में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को इंगित करते हुए कहा कि प्रति माह वे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराएं।
इस अवसर पर मंत्री विजय मिश्र ने जिलाधिकारी से कहा कि प्रति माह वे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराएं। सैदपुर एवं जमानियां में निर्माणाधीन पुल का निर्माण अतिरिक्त यूनिट लगाकर जल्द पूर्ण कराएं।
विद्युत विभाग की समीक्षा में उन्होंने लोटन इमली पावर हाउस के लोकार्पण के बारे में पूछा। इस पर अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिक्कतें आ रही हैं, जिसे रेलवे के अधिकारियों से बात कर दूर कर लिया जाएगा। धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री ने कहा कि जहां तार और खंभे लग गए हैं वहां बिजली कनेक्शन दिया जाए।
कृषि निवेश के अन्तर्गत ओलावृष्टि से नुकसान हुए फसलों के मुआवजे के संबंध में बताया गया कि 15 करोड़ 73 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। इसके सापेक्ष सदर तहसील में 46 करोड़ 70 लाख की मांग है।
बताया गया कि डूडा द्वारा संचालित आसरा योजना के अंतर्गत 17 सौ लाभार्थियों का आवेदन प्राप्त हुआ है। इसकी जांच चल रही है। शासन से धनराशि प्राप्त होते ही कार्य प्रारम्भ करा दिया जायेगा।
इस योजना अन्तर्गत प्रति मकान की 3 लाख 92 हजार लागत आएगी। इसी योजना के तहत टाउन हाल में मुसाफिर खाना भवन निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। मंत्री ने जिलाधिकारी को टाउन हाल की जमीन का सर्वे कर अतिक्रमण को तत्काल हटवाने का निर्देश दिया।
हरिहरपुर अगस्ता माइनर की खराब स्थिति पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसको ठीक कराते हुए टेल तक कार्य को पूर्ण किया जाय।
छलका निर्माण के संबंध में धन की कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। आवश्यक धन आवंटित न होने की दशा में उनके कोष की धनराशि से काम कराया जाए।
जिले में नलकूप खंड प्रथम की ओर से जनपद में 799 राजकीय नलकूप स्थापित हैं, जिसमें 39 नलकूप खराब बताए गए। जिस पर श्री मिश्र ने एक सप्ताह के अन्दर सर्वे कर विद्युत दोष से बंद पड़े नलकूपों को ठीक कराने का निर्देश दिया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सैदपुर और जमानिया में पुल का निर्माण कार्य मार्च 2018 तक पूरा होगा। बैठक में बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 अशोक चन्द्र, सीएमओ डा. एमपी सिंह, डीडीओ राकेश पाण्डेय, डीसी मनरेगा अनय मिश्रा के अलावा निर्माण निगम, सेतु निगम, विद्युत विभाग, डूडा, कृषि निवेश, लघु डाल, नहर, नलकूप, पीडब्ल्यूडी आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।