गाजीपुर। जखनियां तहसील से 300 मीटर की दूरी पर खेमपुर गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से लगा है। किसानों द्वारा शिकायत दर्ज और कराने और अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा रहा है। इससे नाराज किसानों ने सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दुबे के नेतृत्व में मंगलवार को ट्रांसफार्मर के पास धान का बेहन लेकर प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दुबे ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की वजह से किसानों की खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। कहा कि पूरे जनपद में सैकड़ों ट्रांसफार्मर फूंके पड़े हैं लेकिन बिना राजनीतिक प्रभाव अथवा सुविधा शुल्क के शायद ही कोई ट्रांसफार्मर बदला जा रहा हो। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिन के अंदर जला हुआ ट्रांसफार्मर नहीं लगता है तो जनतांत्रिक तरीके से जिम्मेदार अधिकारियों की नींद हराम कर दी जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि मौके से ही जले ट्रांसफार्मर को बदलने के बाबत जानने के लिए जेई तारिक को फोन मिलाया तो जेई ने कहा कि गोरखपुर में जले हुए ट्रांसफार्मर जब नहीं बदले जा रहे हैं तो गाजीपुर क्या है। ट्रांसफार्मर का शॉर्टेज है, मिलने पर ही लगेगा। इस मौके पर बृजेश कुमार पांडेय, चंद्रजीत यादव, सुरेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, भानू राम, संजय पांडेय, लालजी पांडेय, गुल्लू यादव, संतोष, पप्पू, भीम आदि लोग उपस्थित रहे।