गाजीपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों के स्थानांतरण की ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 मई से शुरू हो गई है, जो चार जून तक चलेगी। ऑनलाइन आवेदन मानव संपदा के माध्यम से किया जा रहा है।
अध्यापकों की ओर से किए गए आवेदन का जिला विद्यालय निरीक्षक परीक्षण कर उसे ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे। उप शिक्षा निदेशक एवं अपर शिक्षा निदेशक की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षकों के माध्यम से अग्रसारित, स्वीकृत या अस्वीकृत आवेदन पत्रों को समिति के सामने परीक्षण के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से आवेदन पत्रों को समिति की तरफ से मानक-पब्लिक गुणांक के आधार पर परीक्षण कर मेरिट तैयार की जाएगी। अपर शिक्षा निदेशक राजकीय स्थानांतरण आदेश ऑनलाइन निर्गत करेंगे। शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए आधार और मानक-गुणांक तैयार किए गए हैं। जो शिक्षक गंभीर बीमारी से ग्रसित होंगे उन्हें एम्स, राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अथवा चिकित्सा बोर्ड का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। जिनके पति, पत्नी या बच्चे किसी दुर्घटना में शारीरिक रूप से अपंग या दिव्यांग हैं अथवा कैंसर, एचआईवी, किडनी, लिवर के रोग से ग्रसित हैं, ऐसे शिक्षकों को भी चिकित्सा बोर्ड का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पर लाभ मिलेगा। अगर पति और पत्नी दोनों शिक्षक हैं और राजकीय कोष से वेतन प्राप्त कर रहे हैं तो ऐसे शिक्षकों को भी लाभ मिलेगा।