केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली ने शिक्षिका से छेड़छाड़ के आरोप में जेल गए केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया है। फिलहाल प्रधानाचार्य का प्रभार सीनियर शिक्षक मृत्युंजय राय के पास है।
केंद्रीय विद्यालय (केवी) के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा करीब तीन साल से तैनात थे। उनपर शिक्षिका से छेड़छाड़ का आरोप था। पीड़िता ने शहर कोतवाली में एससी-एसटी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। तत्कालीन सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने विवेचना कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। प्रधानाचार्य कोर्ट में हाजिर नहीं हुए थे।
एससी-एसटी कोर्ट ने प्रधानाचार्य के खिलाफ वारंट जारी किया था। फरार चल रहे प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा 30 अक्टूबर को कोर्ट में हाजिर हुए थे। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इस बीच केंद्रीय विद्यालय संगठन ने प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया। साथ ही प्रधानाचार्य का कार्यभार सीनियर शिक्षक को मृत्युंजय राय को सौंप दिया गया।