गाजीपुर। दीपावली व गोवर्धन पूजा के बाद चार दिवसीय छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दुकान सजने लगीं हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में घाटों की सफाई भी होने लगी है। जिन गंगा घाटों पर सिल्ट या पोखरों पर गंदगी पसरी है वहां पर पूजा करने वालों को चिंता सता रही है।
शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, लालदरवाजा समेत आसपास के इलाकों के बाजार सजने शुरू हो गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि 30 और 31 अक्तूबर को छठ का पर्व है। बृहस्पतिवार के बाद से खरीदारी बढ़ने लगेगी। ऐसे में शहर की सभी छोटी-बड़ी साड़ियों की दुकान पर महिलाओं की भीड़ बढ़ गई है। छठ पूजा पर व्रती महिला और पुरूष नए कपड़े धारण करते हैं। सूप और दउरा व्यवसायी बाये सरदार ने बताया कि छठ पूजा की खरीदारी शुरू हो गई है। इस बार सूप 40 से 120 रुपये के भाव बिक रहा है। वहीं दउरी 100 से 300 तक बिक रही है। फल व्यवसायी कल्लू राईन ने बताया कि नारियल और फल मंडी में पर्याप्त हैं। इस बार नरियल के भाव में तेजी रहने की उम्मीद है।
कहीं घाटों पर गंदगी, कहीं कम है पानी
गाजीपुर। डाला छठ को लेकर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सभी प्रमुख घाटों की साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। शहर के ददरीघाट, कलेक्टर घाट, पक्का, रामेश्वर, गोला, चीतनाथ, पोस्ता घाटों की सफाई का कार्य बुधवार से शुरू कर दिया गया।
मरदह संवाददाता के अनुसार जोर शोर से छठ की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं दूसरी ओर छठ पूजा घाट, परिसर, पोखरा तालाब, नहर रजवाहा में भारी गंदगी होने तथा कुड़े कचरे, खर पतवार लगे होने से व्रत रखने वाली महिलाओं समेत पुरुषों में भी चिंता बढ़ने लगी है। इन जगहों पर हालांकि जल कम होने पर यहां पंपसेट से जल की भराई भी की जा रही है।
क्षेत्र के स्थानीय मरदह गांव कुटी स्थित राम जानकी पोखरे के चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है जो विषैले दुर्गंध से जन जीवन अस्त व्यस्त हो जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घाट किनारे पहुंचने में होगी परेशानी हो सकती है। लोगों का कहना है कि इसको लेकर प्रशासन की तरफ से अभी कोई तैयारी नहीं देखी जा रही है। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न पोखरों और नहर में साफ-सफाई शुरू हो गई है। लोगों की मदद से दिलदानगर गांव, माई जी की कुटिया, बड़ी नहर और छोटी नहर इलाके में सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।
जमानिया संवाददाता के अनुसार, आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत स्थानीय नगर पालिका स्थित गंगा घाट का बुधवार को तहसील प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम भारत भार्गव ने नगर पालिका कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा घाट पर मौजूद सिल्ट सफाई जल्दी कराया जाए तथा गंगा घाट को स्वच्छ बनाया जाए।
जालना-छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। त्योहारों पर होने वाली यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शुक्रवार से स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है। यह स्पेशल ट्रेन जालना से छपरा और छपरा से जालना (वाया वाराणसी, गाजीपुर और बलिया) के बीच चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 07651 / 07652 जालना-छपरा-जालना पूजा विशेष साप्ताहिक गाड़ी का संचालन जालना से 26 अक्तूबर और 2, 9, 16, 23 एवं 30 नवंबर को किया जाएगा। वहीं, छपरा से 28 अक्तूबर और 4, 11, 18 एवं 25 नवंबर को छह फेरों के लिए किया जाएगा। नियमित विशेष गाड़ी का संचालन 28 अक्तूबर से प्रत्येक शुक्रवार को छपरा से और 2 नवंबर से प्रत्येक बुधवार को जालना से किया जाएगा। गाड़ी संख्या 07651 जालना - छपरा गाड़ी को शुक्रवार को जालना से रात 9:30 बजे रवाना किया जाएगा।
यह विशेष गाड़ी औरंगाबाद से रात 12:20 बजे चलकर प्रयागराज जंक्शन 10:40 बजे, ज्ञानपुर रोड से 11:50 बजे, बनारस से 12:55 बजे, वाराणसी जंक्शन से 1:20 बजे, औड़िहार से 2:02 बजे, गाजीपुर सिटी से 2:45 बजे, बलिया से 3:45 बजे और सहतवार से 4:05 बजे छूट कर छपरा सुबह 5:30 बजे पहुंचेगी। नियमित साप्ताहिक गाड़ी संख्या 07651 जालना - छपरा पूजा विशेष गाड़ी 2 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को जालना से रात 11:30 बजे रवाना होगी। ।वापसी यात्रा में गाड़ी संख्या- 07652 छपरा - जालना पूजा विशेष साप्ताहिक 28 अक्तूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को छपरा से रात 10:15 बजे प्रस्थान करेगी।
सहतवार से 11 बजे, बलिया से 11:25 बजे, गाजीपुर सिटी 12:25 बजे, औड़िहार से 1:00 बजे, वाराणसी जंक्शन से 2:30 बजे, बनारस से 2:45 बजे, ज्ञानपुर रोड से 3:37 बजे, प्रयागराज जंक्शन से सुबह 5:25 बजे होते हुए अगली सुबह 4:00 बजे जालना पहुंचेगी।
छपरा से उधना के लिए 27 अक्तूबर को स्पेशल ट्रेन
गाजीपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए 27 अक्तूबर को छपरा से उधना के बीच गाड़ी संख्या- 09034 चलाई जाएगी। यह ट्रेन छपरा से सुबह आठ बजे चलेगी। बलिया से 11:05 बजे, गाजीपुर सिटी से दोपहर 12:22 बजे, औड़िहार से 1:27 बजे, जौनपुर से 2:55 बजे, वाराणसी जंक्शन से शाम 4:45 बजे प्रस्थान कर मिर्जापुर से रात 8:52 बजे, प्रयागराज के छिवकी से 9:49 बजे, मानिकपुर से 11:22 बजे, सतना से 1:15 बजे, कटनी से 3:00 बजे, जबलपुर से 4:30 बजे, इटारसी से सुबह 7:55 बजे, खंडवा से 10:08 बजे, भुसावल से दोपहर 12:15 बजे, जलगांव से 12:45 बजे, नंदुरबार से 3:10 बजे छूटकर शाम 5:30 बजे उधना पहुंचेगी।