गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद् की 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्री- बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाओं को सम्पन्न कराने के लिए सिर्फ एक दिन का समय शेष रह गया है। बावजूद इसके अभी तक 40 प्रतिशत से अधिक विद्यालयों में यह परीक्षा अभी पूरा नहीं हुई है। प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा को हर हालत में 12 जनवरी तक पूरा कर लेना है। इसके बाद 13 जनवरी से प्री-बोर्ड की लिखित परीक्षा शुरू हो जाएगी जो 22 जनवरी तक चलेगी। बोर्ड की ओर से जारी निर्देश में यह कहा गया है कि प्री-बोर्ड की परीक्षा ठीक बोर्ड परीक्षा की तरह ही कराई जानी है। अगर इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बरती गई तो इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान मंडल और जिला की जांच टीमें निरीक्षण कर रही हैं। प्रत्येक विद्यालय पर जाकर इसकी रिपोर्ट भी निदेशालय को भेज रहीं हैं।
इसके साथ ही कक्षा-नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं भी संपन्न करा ली जाएगी। इसके भी निर्देश विद्यालयों को भेजे गए हैं। गत वर्ष भी कक्षा 10 और कक्षा 12 की प्री-बोर्ड परीक्षा कराई गई थी। इस परीक्षा के दौरान यह भी शिकायत मिली थी कि कुछ विद्यालयों ने प्री-बोर्ड परीक्षा न कराकर सिर्फ अंक प्रदान कर परीक्षाफल तैयार कर लिए थे। जानकारी होने पर बोर्ड ने ऐसे प्रधानाचार्यों को भविष्य में ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी थी। बोर्ड की ओर से दिए गए निर्देश के अनुसार हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षा भी इन्हीं तिथियों के बीच कराई गई। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए परिषद की वेबसाइट 10 जनवरी तक खुली थी।