कौलापुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम मदनपुर सगरा में खेले जा रहे डीघ ब्लॉक राज्य आमंत्रण चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में बृहस्पतिवार को क्वार्टर फाइनल मैच हुआ। इसमें प्रतापगढ़ ने गोरखपुर को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला जिला क्रिकेट एसोसिएशन भदोही से होगा।
टाॅस जीत कर गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 138 रन बना दिए। गोरखपुर के हर्षित ने 42, रोहित तिवारी और सतीश तिवारी ने 24-24 रनों का योगदान दिया। प्रतापगढ़ के अविनाश और कृष्णा सरोज ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में उतरी प्रतापगढ़ की टीम ने महज 16 ओवरों मे ही 7 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। प्रतापगढ़ के लिए हिमांशु यादव ने 38 रन, अविनाश गुप्ता ने 26 रन बनाए। गोरखपुर के लिए अभिषेक और जग्गू ने दो-दो विकेट लिए। 26 रन बनाने वाले तथा तीन विकेट लेने वाले प्रतापगढ़ के मो. उमर को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें सचिव मदन पांडेय ने पुरस्कृत किया। सचिव ने बताया कि पहला सेमीफाइनल प्रतापगढ़ और जिला क्रिकेट एसोसिएशन भदोही के बीच जबकि दूसरा सेमीफाइनल डीघ ब्लॉक और गाजीपुर के बीच खेला जाएगा।