सोनवल-दिलदारनगर जंक्शन के बीच दूसरे चरण का काम जल्द शुरू करने की तैयारी
- सोलह किमी लंबे इस ब्रांच लाइन के लिए हुआ टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवतीपुर। सोनवल से दिलदारनगर जंक्शन तक दूसरे चरण का होने वाला पीक्यूआरएस वर्क ईसीआर ने अगले महीने से शुरू करने का निर्णय लिया है। जिसे दिसंबर से पहले पूरा करने की बात कहीं जा रही है, ताकि नए साल में सोनवल से गाजीपुर सिटी स्टेशन जाने वाले नये रेल रूट के उद्घाटन के बाद ट्रेनों का संचालन बेहतर तरीके से हो सके।
बीते फरवरी माह में सोलह किमी. लंबे इस दिलदारनगर ब्रांच लाइन पर यह कार्य शुरू किया गया था। जिसे अप्रैल महीने के अंत तक पूरा किया जाना था, मगर कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते यह कार्य मई महीने तक महज तीन किमी. सोनवल से बेमुआ तक ही हो सका। जिसके बाद रेलवे ने उक्त संस्था का टेंडर निरस्त कर दिया। जिसके बाद से ही यह काम बंद है।
अभी हाल ही में बीते अगस्त माह में शेष बचे हुए तेरह किमी लंबे कार्य के लिए दोबारा टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई। मगर इसी बीच बरसात शुरू होने से इस कार्य को शुरू नहीं किया जा सका। नई लाइन के उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं है। मगर समय नजदीक आता देख पूर्व मध्य रेलवे पर इस कार्य को जल्द शुरू कर पूरा करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे के पीडब्लूआई दिलीप कुमार ने बताया कि टेंडर हो चुका है। यह पीक्यूआरएस वर्क अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है, जिसे समय रहते पूरा कर लिया जाएगा।