सुहवल। तेज हवा एवं बारिश के चलते बेटाबर के पास 33 हजार हाइटेंशन विद्युत खंभे में बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते ढढ़नी एवं सुहवल सब स्टेशन के तहत आने वाले दस फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मियों की तरफ से करीब एक घंटे बाद नौ बजे फाल्ट की मरम्मत शुरू की गई। करीब सात घंटे बाद दिन में तीन बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने सुकून महसूस किया। तेज आंधी एवं पानी के चलते हाइटेंशन विद्युत खंभे में तकनीकी खराबी आ गई। इससे क्षेत्र के करीब चालीस गांव सुहवल, मेदिनीपुर, कालूपुर, पटकनिया, बवाड़ा, भिक्खीचौरा, हरिश्चंद्रपुर, गौरा, सोनवल, खजुहा, सुगवलिया, पटखौलिया, बड़ौरा, ढढ़नी, अंधारीपुर, इजरी, गरुआ मकसूदपुर, भगीरथपुर आदि गांव के सैकड़ों घरों की बत्ती गुल हो गई। लोगों ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है। जर्जर विद्युत खंभे, तारों को बदलने के लिए विभाग का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया लेकिन विभाग पूरी तरह से बेपरवाह बना हुआ है। जमानिया के उपखंड अधिकारी विजय यादव ने बताया कि 33 हजार विद्युत खंभे एवं अन्य जगहों पर समस्या आ गई थी जिसे दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।