गाजीपुर। जिले की बहुचर्चित जिला पंचायत सदस्य सैदपुर प्रथम सीट पर हार-जीत का फैसला हुए करीब एक पखवारा हो गया, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को पराजित प्रत्याशी अंजना सिंह के पति और पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह पीरनगर स्थित नलकूप मंडल कार्यालय पर अधीक्षण अभियंता राकेश बिहारी मल्ल से मिले। उन्होंने मतगणना प्रपत्र-49 मांगा। इस पर अधिकारी माकूल जवाब नहीं दे सके और टाल-मटोल करते रहे। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि प्रपत्र-49 को गायब कर सुनियोजित ढंग से साजिश के तहत हराने का काम किया गया है। पूर्व सांसद ने बताया कि प्रपत्र-49 मांगने पर अधिकारियों द्वारा खोजने की बात कही जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि मतगणना प्रपत्र-49 के बिना कैसे और किन परिस्थितियों में प्रपत्र 50 और 51 बना। स्थिति यह है कि एक सप्ताह से प्रपत्र 49 देने में अधिकारियों द्वारा टाल-मटोल किया जा रहा था। जब कार्यालय पहुंचकर इसकी मांग की गई तो अधिकारी एक-दूसरे को देने की बात कहकर पल्ला झाड़ने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत चुनाव हराया गया है। जब प्रपत्र-49 नहीं है तो 50 और 51 कैसे बना और कैसे परिणाम की घोषणा हुई। पूर्व सांसद ने कहा कि जानबूझकर अधिकारियों द्वारा प्रपत्र 49 देने में देरी की जा रही है जिससे की निर्धारित समय के अंदर न्यायालय में न जा सके। अधिकारियों का ऐसा कृत्य चुनाव की पारदर्शिता पर एक सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि 20 मई को वह डीएम से मिलकर इस प्रकरण को सामने रखने का काम करेंगे, जिससे न्याय हो सके।