रेवतीपुर पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भाजपा नेता की पत्नी रीता राय के निधन पर शोक जताय
- फोटो : GHAZIPUR
रेवतीपुर। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही रविवार को पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय के घर पहुंचे। वहां उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता सचिदानंद राय की पत्नी रीता राय के निधन पर शोक व्यक्त किया। साथ ही परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। इस दौरान पत्रकारों से बात-चीत के दौरान सरकार की तमाम उपलब्धियों एवं योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि आंदोलनरत लोगों में कोई जमीनी किसान नहीं है। यह केवल कुछ लोगों का जमावड़ा है और इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ सरकार द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विपक्ष की तरफ से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। कृषि कानूनों को लेकर भ्रमित किए जाने एवं आंदोलन के सवाल पर कहा कि आंदोलनरत लोगों में कोई जमीनी किसान नहीं है। यह केवल कुछ लोगों का जमावड़ा मात्र है, जो की राजनीतिक है। उन्होंने बताया की प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के कल्याण के लिए किसान कल्याण योजना चलाई जा रही है। इसके तहत प्रथम चरण में छह जनवरी को प्रदेश के 303 ब्लाकों में किसान मेला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। दूसरे चरण में 13 जनवरी को 297 ब्लॉकों में किसान मेले का आयोजन किया गया एवं तीसरे चरण में 21 जनवरी को 219 ब्लॉकों में किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। बताया कि गाजीपुर के लिए कृषि विज्ञान केंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए धन अवमुक्त कर दिया गया है। इसकी लागत करीब ढाई करोड़ रुपए है। इस अवसर पर प्रमोद राय, लल्लन सिंह, गोपाल राय, प्रफुल्ल राय, जमालुद्दीन, संजय राय, मनीष पांडेय आदि मौजूद थे।